संकल्प” बजट से युवाओं का सुनहरा भविष्य तय, छत्तीसगढ़ बनेगा जॉब क्रिएटर्स की भूमि : ऋषभ चतुर्वेदी
भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष चतुर्वेदी ने की बजट की जोरदार सराहना , कहा बजट सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का ठोस रोडमैप


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :- भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026–27 के “संकल्प” बजट की जोरदार सराहना करते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के युवाओं को “जॉब सीकर” से “जॉब क्रिएटर” बनाने की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है, जो आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को विकास और रोजगार के नए शिखर पर पहुंचाएगा। ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) वर्ष 2026–27 में 7,09,553 करोड़ रुपये अनुमानित है, जो 12.4 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्शाता है। यह आर्थिक मजबूती युवाओं के लिए रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए द्वार खोलेगी। उन्होंने बताया कि CG ACE (Assistance for Competitive Exams) योजना के तहत युवाओं को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत “उड़ान” (NEET, JEE, CLAT), “शिखर” (संघ लोक सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग) और “मंजिल” (बैंकिंग, SSC, रेलवे) जैसी योजनाएं प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बनेंगी। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला अत्याधुनिक मेगा परीक्षा केंद्र युवाओं को राज्य में ही विश्वस्तरीय परीक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को आवासीय और शैक्षणिक सहायता देकर उच्च शिक्षा तक उनकी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। ऋषभ चतुर्वेदी ने बताया कि नालंदा पुस्तकालयों में करियर मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही शासकीय महाविद्यालयों में उत्कृष्टता केंद्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप प्रोत्साहन और नवाचार योजनाओं से युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाएगा।।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन के तहत अगले पांच वर्षों तक प्रति वर्ष न्यूनतम 100 करोड़ रुपये का प्रावधान युवाओं को उद्यमिता और रोजगार सृजन के लिए प्रेरित करेगा। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान और आधुनिक सुविधाएं देकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार, 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़ रुपये का प्रावधान और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 की स्थापना से युवाओं को आईटी, उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र में व्यापक अवसर मिलेंगे। ऋषभ चतुर्वेदी ने विश्वास जताया कि “GYAN” और “GATI” के बाद “SANKALP” थीम पर आधारित यह बजट छत्तीसगढ़ के युवाओं को आत्मनिर्भर, सक्षम और आत्मविश्वासी बनाने का ऐतिहासिक दस्तावेज है। यह बजट केवल आर्थिक प्रबंधन नहीं, बल्कि 3 करोड़ प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं के सपनों को साकार करने का संकल्प है और छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने का मजबूत आधार बनेगा।








