बिलासपुर संभाग

ऐतिहासिक “संकल्प” बजट से आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की नई उड़ान, हर वर्ग के विकास का मजबूत रोडमैप : चन्द्रप्रकाश सूर्या

साय सरकार का बजट आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति और समृद्धि का विजन दस्तावेज, किसान, युवा, महिला और उद्योग सभी को मिला अभूतपूर्व संबल — चन्द्रप्रकाश सूर्या

सीपत (हिमांशु गुप्ता) : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री चन्द्रप्रकाश सूर्या ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ के वर्ष 2026–27 के “संकल्प” बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति और समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस बजट में समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर समग्र विकास का मजबूत खाका प्रस्तुत किया है।
चन्द्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि इस वर्ष लगभग 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर आधारित यह बजट प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने ओ. पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, कृषि, पर्यटन, ग्रामीण विकास, सड़क और तकनीकी क्षेत्र को नई गति देने वाले दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, वहीं बालिकाओं को 18 वर्ष पूर्ण होने पर डेढ़ लाख रुपये देने का प्रावधान महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। सूर्या ने बताया कि “लखपति दीदी भ्रमण योजना” के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही महिलाओं के लिए 250 महतारी सदनों के निर्माण हेतु 75 करोड़ रुपये का प्रावधान, संपत्ति खरीद पर महिलाओं को 50 प्रतिशत पंजीयन शुल्क में छूट और डेयरी समग्र विकास योजना के तहत 90 करोड़ रुपये का निवेश महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि उद्योग और अधोसंरचना के क्षेत्र में भी बजट अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश में 23 नए उद्योग स्थापित करने, प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट पर शोरूम खोलने, जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास हेतु 80 करोड़ रुपये, नवीन CGIT की स्थापना तथा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कवर्धा और रायगढ़ में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना का प्रावधान प्रदेश के औद्योगिक और स्वास्थ्य विकास को नई दिशा देगा। चन्द्रप्रकाश सूर्या ने विशेष रूप से बिलासपुर क्षेत्र को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए कहा कि आईटी विकास, नए फ्लाईओवर और आधुनिक अधोसंरचना के प्रावधानों से बिलासपुर सहित पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि “संकल्प” थीम पर आधारित यह बजट विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत संकल्प है। यह बजट प्रदेशवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने वाला ऐतिहासिक बजट साबित होगा।”

ख़बर को शेयर करें

Back to top button