रायपुर के बाद अब छत्तीसगढ़ के इन दो जिलों में भी कमिश्नरेट प्रणाली


छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि रायपुर के बाद अब दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में भी जल्द ही पुलिस कमिश्नरेट (कमिश्नरी) प्रणाली लागू की जाएगी। गृहमंत्री विजय शर्मा भिलाई में आयोजित 14 वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे थे
दुर्ग-बिलासपुर बनेंगे कमिश्नरेट
गृहमंत्री विजय शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ के उन सभी महानगरों में, जहाँ सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, वहां भविष्य में कमिश्नरी प्रणाली लागू की जाएगी,कानून व्यवस्था में कसावट लाना और अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम हासिल करना,उन्होंने कहा, “मैं अभी कोई निश्चित समय सीमा तो नहीं बता सकता, लेकिन दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में इसकी जरूरत है और इसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।”
कमिश्नरेट प्रणाली से क्या बदलेगा?
वर्तमान में रायपुर में यह व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया चल रही है। दुर्ग और बिलासपुर में इसके लागू होने से पुलिस के पास मजिस्ट्रियल पावर (दंडाधिकारी शक्तियां) आ जाएंगी।लाठीचार्ज, धारा 144 और कानून-व्यवस्था से जुड़े फैसलों के लिए जिला प्रशासन (कलेक्टर) पर निर्भरता खत्म होगी। अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और पुलिसिंग में आधुनिकता आएगी।








