छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

राज्यसभा जाने के अटकलो पर बोले भूपेश बघेल “मैं पहले से हो विधायक, दूसरों को मिले मौका”

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 18 फरवरी को चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के बाद प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों, भाजपा और कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन का दौर जारी है।

रायपुर – पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल ने कहा, राज्यसभा भेजे जाने का निर्णय उनका नहीं, बल्कि पार्टी हाईकमान का होगा. बघेल ने कहा कि पैनल तैयार करने से लेकर अंतिम निर्णय तक की प्रक्रिया संगठन तय करेगा.

पीसीसी और सीएलपी तय करेंगे पैनल – भूपेश बघेल
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा, यह निर्णय पीसीसी चीफ और सीएलपी लीडर के स्तर पर चर्चा के बाद लिया जाएगा. उन्होंने कहा “यह सवाल पीसीसी चीफ और सीएलपी लीडर से पूछिए. वही लोग पैनल बनाएंगे, वही लोग बैठेंगे और वही तय करेंगे. अंततः फैसला हाईकमान करेगा.” बघेल के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत नामों का चयन करेगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व की भूमिका अहम रहेगी, लेकिन अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा.

मैं पहले से हो विधायक, दूसरों को मिले मौका – भूपेश बघेल
राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर बघेल ने साफ शब्दों में कहा, पहले से पाटन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. “मैं ऑलरेडी पाटन का विधायक हूं. ऐसे में दूसरे साथियों को मौका मिलना चाहिए, जो किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. मैं पहले से विधानसभा में हूं, तो क्यों सीट खाली करना चाहते हैं? ”इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक संतुलित और संगठनात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बघेल ने खुद को दावेदारी की दौड़ से अलग बताते हुए अन्य नेताओं के लिए अवसर की बात कही है.

हाईकमान का फैसला सर्वमान्य होगा
भूपेश बघेल ने दोहराया कि अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान करेगा. “कौन जाएगा, कौन नहीं जाएगा यह हाईकमान तय करेगा. हमारे सीएलपी और पीसीसी दोनों सुझाव देंगे, लेकिन फैसला हाईकमान का होगा. हाईकमान क्या फैसला करेगा, यह मेरी जानकारी में नहीं है.” बघेल के इस बयान से यह स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर सामूहिक सहमति और केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका निर्णायक रहेगी.

चुनाव कार्यक्रम पर एक नजर
भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की कुल 37 सीटों के साथ छत्तीसगढ़ की इन 2 सीटों के लिए भी शेड्यूल जारी किया है:
अधिसूचना/कार्यक्रम जारी: 18 फरवरी
मतदान की तिथि: 16 मार्च 2026
परिणाम: 16 मार्च (शाम तक)

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button