राज्यसभा उम्मीदवार पर महंत ने कहा “हम पैनल और बेवकूफ बनाकर काम नहीं करते”


रायपुर: छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। ये सीटें अप्रैल 2026 में खाली हो रही हैं, जिनके लिए 16 मार्च को मतदान होना है। इस बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने समीकरण साधने में जुट गए हैं।
कांग्रेस की रणनीति: ‘स्थानीय और वरिष्ठ’ चेहरे पर दांव
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार कांग्रेस छत्तीसगढ़ से किसी वरिष्ट स्थानीय नेता को ही उच्च सदन भेजेगी। महंत ने कहा कि हम कोई पैनल बनाकर बेवकूफ बनाकर काम नहीं करते, जैसा भाजपा कर रही है। हमारे यहां सर्वानुमति से चर्चा के बाद फैसला होता है, पिछली बार सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने बाहरी नेताओं को मौका दिया था, लेकिन इस बार विपक्ष में होने के नाते पार्टी राज्य के मुद्दों को मजबूती से उठाने वाले स्थानीय चेहरे पर भरोसा जताएगी महंत ने कहा कि भाजपा की तरह केवल ‘पैनल’ बनाकर औपचारिकता पूरी नहीं की जाएगी, बल्कि सर्वसम्मति से एक मजबूत नाम तय किया जाएगा।उन्होंने स्वीकार किया कि सत्ता में न होने के कारण इस बार चुनौतियां और समीकरण अलग हैं।
“पीसीसी और सीएलपी तय करेंगे पैनल”
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा, यह निर्णय पीसीसी चीफ और सीएलपी लीडर के स्तर पर चर्चा के बाद लिया जाएगा. उन्होंने कहा “यह सवाल पीसीसी चीफ और सीएलपी लीडर से पूछिए. वही लोग पैनल बनाएंगे, वही लोग बैठेंगे और वही तय करेंगे. अंततः फैसला हाईकमान करेगा.” बघेल के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत नामों का चयन करेगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व की भूमिका अहम रहेगी, लेकिन अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा.
“मैं पहले से हो विधायक, दूसरों को मिले मौका”
राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साफ शब्दों में कहा, पहले से पाटन विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. “मैं ऑलरेडी पाटन का विधायक हूं. ऐसे में दूसरे साथियों को मौका मिलना चाहिए, जो किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं. मैं पहले से विधानसभा में हूं, तो क्यों सीट खाली करना चाहते हैं? ”इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक संतुलित और संगठनात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें बघेल ने खुद को दावेदारी की दौड़ से अलग बताते हुए अन्य नेताओं के लिए अवसर की बात कही है.
भाजपा का ‘पैनल’ तैयार: हाईकमान को भेजे गए नाम
सत्ताधारी दल भाजपा ने अपनी तैयारी तेज करते हुए संभावित उम्मीदवारों का एक पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, इस सूची में अनुभवी और क्षेत्रीय संतुलन को साधने वाले नामों को शामिल किया गया है।
भाजपा के संभावित दावेदारों की सूची:
अनुभवी नेता –सरोज पांडे, गौरीशंकर अग्रवाल, नारायण सिंह चंदेल
क्षेत्रीय/जातीय समीकरण- नवीन मार्कंडेय, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल
युवा एवं अन्य – प्रबल प्रताप जूदेव
चुनाव कार्यक्रम पर एक नजर
भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की कुल 37 सीटों के साथ छत्तीसगढ़ की इन 2 सीटों के लिए भी शेड्यूल जारी किया है:
अधिसूचना/कार्यक्रम जारी: 18 फरवरी
मतदान की तिथि: 16 मार्च 2026
परिणाम: 16 मार्च (शाम तक)








