मिर्जापुर टू बिलासपुर : शॉर्ट एनकाउंटर के बाद दबोचे गए ‘मौत के सौदागर’, 25 लाख में तय हुआ था बीजेपी नेता का सौदा


छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में करोड़ों की ज्वेलरी लूटकांड के खुलासे के बाद नया मोड़ सामने आया है। इन्हीं आरोपियों को जमीन विवाद के चलते बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख की सुपारी दी गई थी। पार्षद पर हमला हुआ, लेकिन वो बच निकले थे।
नारियल व्यापारी राजू सोनकर ने स्थानीय हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास की मदद से उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाया था। एसएसपी रजनेश सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि, हथौड़े से हमला कर जेवर लूटने वाले आरोपी शहर के कई सराफा कारोबारियों की रैकी कर चुके थे। शनिवार को चारों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से बिलासपुर लाया।
जिसके बाद उनसे अलग-अलग पूछताछ की गई। उन्हें यहां कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भी लिया गया था। आरोपियों से पूछताछ में स्थानीय युवकों के लिंक और सुपारी लेकर BJP पार्षद की हत्या की साजिश रचने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने नारद श्रीवास समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोना, कैश और हथियार बरामद किए गए हैं।
हिस्ट्रीशीटर से जेल में हुई थी दोस्ती
लूटकांड का आरोपी विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति मूलतः मध्यप्रदेश के अनूपपुर का रहने वाला है, वो गांजा तस्करी भी करता था। जब वो बिलासपुर जेल में बंद था, तब उसकी पहचान हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास से हुई थी। जिसके बाद उनकी दोस्ती हो गई।


लूट से पहले बीजेपी नेता की हत्या की ली थी सुपारी
पुलिस के मुताबिक, लुटेरों ने स्थानीय हिस्ट्रीशीटर नारद श्रीवास ने विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति के साथ मिलकर BJP पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी दी थी। टिकरापारा निवासी राजू सोनकर नारियल व्यापारी है, उसका बंधु मौर्य से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
बंधु मौर्य से परेशान होकर राजू ने उसकी हत्या की साजिश रची थी। नारद ने विनोद के साथ मिलकर 25 लाख रुपए में सौदा तय किया था। जिसमें 6 लाख रुपए एडवांस भी दिया गया था।
बीजेपी नेता पर किया था अटैक
इसके बाद 18 दिसंबर की रात बदमाशों ने पार्षद की कार रोककर गोली मारने की साजिश रची। एक पिस्टल भी मंगवाया गया था। सौदे की पूरी प्लानिंग हिस्ट्रीशीटर और बाहरी शूटरों के बीच कराई गई थी। हालांकि, हमले के दौरान बंधु मौर्य ने कार रोकने के बजाए तेजी से आगे बढ़ा दी थी। जिसके चलते उस रात वारदात टल गई थी।
समोसा कारोबारी को लूटने की भी कोशिश
हत्या की साजिश फेल होने के बाद आरोपियों ने लखन देवांगन उर्फ निट्टी समोसा वाले को लूटने की साजिश रची। सुबह उसके घर से निकलने के दौरान वारदात की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान एक आरोपी पकड़ा गया, बाकी भाग निकले।
महालक्ष्मी ज्वेलर्स को बनाया निशाना
फरवरी 2026 में आरोपियों ने फिर साजिश रची। महालक्ष्मी ज्वेलर्स की रेकी की गई। 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे ज्वेलर्स संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर सोने के जेवर कार (CG 10 AH 7701) में रखकर घर जा रहे थे।
अंधा मोड़ के पास आरोपियों ने ईको कार से उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। बाहर निकलते ही पिस्टल तानकर मारपीट की और कार में रखे 4 बैग लूट लिए। जिसमें करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.50 लाख कैश था। आरोपी क्विड कार छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हो गए।


यूपी भागे आरोपी, घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बनारस रोड की ओर भागे हैं। टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई। थाना अहरौरा (मिर्जापुर) पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर विजय लांबा, विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति, करीम खान और मोनू उर्फ राहुल उर्फ गुडवा को गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान दो आरोपियों का शॉर्ट एनकाउंटर भी हुआ था। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत मशरूका और हथियार बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति (33) निवासी न्यू डबल स्टोरी गणेश चौंक जमुना कॉलरी थाना भालूमाडा जिला अनूपपुर (म.प्र.)।
करीम खान (2) निवासी चकमहमूद सकलेननगर ओल्ड सिटी थाना बरादरी जनपद बरेली (उ.प्र.)।
विजय लाम्बा (52) निवासी चंदन नगर थाना जगतपुरी पूर्वर्वी नई दिल्ली।
मोनू उर्फ राहूल उर्फ गुडवा (32) निवासी ग्राम सोरखा थाना सेक्टर 113 जिला गौतम बुद्ध नगर नोएडा।
इरफान अली (32) निवासी झलमला थाना सीपत जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
नारद उर्फ सुमित श्रीवास (42) निवासी 27 खोली थाना सिविल लाईन जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
राजू सोनकर (38) निवासी चिंगराजपारा देवनचाल के सामने थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर (छ.ग.)।
बरामद संपत्ति
5 लाख 33 हजार रुपए नगद
06 धारदार चाकू
01 देशी कट्टा
01 जिंदा कारतूस
06 मोबाइल
01 मारूती इको कार
01 रेनाल्ट क्वीड कार
01 महिन्द्रा स्कार्पीयो कार








