श्रीपतेश्वर महादेव में गूंजा “हर-हर महादेव”, विशेष रुद्राभिषेक से भक्तिमय हुआ सीपत
फागुन शुक्ल चतुर्दशी का यह दुर्लभ स्वार्थसिद्धि योग मनोकामनाओं की पूर्ति का दिव्य अवसर : पं. राजकुमार शर्मा


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– होली के पावन पर्व पर नगर का वातावरण उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो उठा, जब सीपत स्थित प्राचीन श्रीपतेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक, विधि-विधान से पूजा-पाठ एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। फागुन मास की शुक्ल पक्ष चतुर्दशी तिथि के शुभ अवसर पर आयोजित इस आध्यात्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र को हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। इस विशेष पूजन का संचालन ख्यातिप्राप्त विद्वान पंडित राजकुमार शर्मा (सरवानी वाले) के करकमलों से संपन्न हुआ। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीपतेश्वर महादेव का दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक एवं महाआरती संपन्न कराई। मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालु मंत्रों की ध्वनि और शंखनाद के बीच भक्ति रस में डूबे नजर आए। पंडित राजकुमार शर्मा ने बताया कि फागुन शुक्ल चतुर्दशी में स्वार्थसिद्धि योग का संयोग अत्यंत दुर्लभ और सिद्धिदायक होता है। इस मुहूर्त में किया गया रुद्राभिषेक जीवन के समस्त कष्टों को हरने वाला और मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाला होता है। भगवान शंकर की कृपा से विश्व कल्याण और जनकल्याण की कामना पूर्ण होती है। उन्होंने आगे कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का भी पर्व है। इस पावन अवसर पर शिव अभिषेक करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। इस पुण्य अनुष्ठान के प्रमुख यजमान विनय दिव्या कश्यप सपरिवार रहे। उनके साथ मित्रजनों ने भी पूजन सामग्री एवं अभिषेक कार्यक्रम में विशेष सहयोग प्रदान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। रुद्राभिषेक के दौरान भगवान श्रीपतेश्वर महादेव का दूध, जल एवं विविध पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। महाआरती के समय दीपों की ज्योति से मंदिर परिसर आलोकित हो उठा और श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस अवसर पर सीपत सरपंच मनीषा योगेश वंशकार, प्रदीप सोमलता पाण्डेय, राजेंद्र रोशनी कौशिक, विनोद सुलोचना यादव, दीपेश शीतू गुप्ता, राहुल गुप्ता, श्रीमती रेखा तिवारी, नरेंद्र कर्ष, दिलीप साहू, श्रीमती सरिता दुर्गेश भोई, रमेश नारायण पांडेय, राजकुमार रजनी भोई, पूजन आचार्य चंद्रकाश शर्मा सहित विभिन्न मोहल्लों एवं वर्गों के श्रद्धालु सपत्नीक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि आस्था और एकता के रंग से ही समाज में सुख-शांति और समृद्धि का विस्तार होता है। होली के पावन अवसर पर संपन्न यह विशेष रुद्राभिषेक कार्यक्रम सीपत नगर के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय बन गया।










