होली को लेकर सीपत पुलिस ने निकाला वाहन फ्लैग मार्च , लोगों को कराया सुरक्षा का एहसास
भाईचारे व आपसी सौहाद्र के साथ रंगों का त्यौहार मनाने की अपील


सीपत (हिमांशु गुप्ता): रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सीपत पुलिस ने मंगलवार शाम नगर में प्रभावशाली वाहन फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में निकले इस मार्च ने आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाया, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश भी दिया। थाना परिसर से प्रारंभ हुआ वाहन फ्लैग मार्च थाना चौक, बसस्टैंड, नवीन चौक, राममंदिर, गुप्ता मोहल्ला, बजरंग चौक, नवाडीह चौक होते हुए मटेरियल गेट तक पहुंचा। इसके अलावा थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में भी पुलिस बल ने गश्त कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। सायरन की गूंज और अनुशासित काफिले ने नगरवासियों में यह भरोसा पैदा किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहेगी।
थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के अवसर पर हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाना, दोपहिया में तीन सवारी या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य केवल गश्त करना नहीं, बल्कि जनता के मन में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत करना और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी देना है। पुलिस जवानों ने पैदल भ्रमण कर नागरिकों से अपील की कि वे होली को परंपरा और संस्कृति के अनुरूप प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सीपत पुलिस की इस सक्रिय पहल से स्पष्ट है कि प्रशासन हर हाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। नगरवासियों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।






