छत्तीसगढ़

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी बधाई

रायपुर : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने पूरे देश को गर्व और खुशी से भर दिया है। उनके मुताबिक, भारतीय खिलाड़ियों ने साहस, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

सांसद ने कहा कि टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत केवल एक खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि देश की सामूहिक भावना और आत्मविश्वास का प्रतीक है। लगातार दूसरी बार विश्व कप का खिताब जीतकर भारतीय टीम ने दुनिया को दिखा दिया है कि नीली जर्सी पहनकर मैदान में उतरने का मतलब केवल खेलना नहीं, बल्कि जीतने का जज़्बा लेकर उतरना है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह जीत केवल खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं और समर्थन की भी जीत है। उन्होंने बताया कि मैच के दौरान हर रन, हर विकेट और हर संघर्ष में पूरे देश का विश्वास और राष्ट्रभक्ति झलकती है। खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ और पूरी टीम के सहयोगियों ने भी इस सफलता में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। सांसद ने कहा कि टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह सफलता देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button