बिलासपुर संभाग

मस्तूरी विकासखंड के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने लहराया परचम, नवोदय परीक्षा में मिली बड़ी सफलता

संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से शासकीय स्कूल के बच्चे भी रचते हैं इतिहास : बीईओ शिवराम टंडन

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा आयोजित कक्षा 6वीं प्रवेश चयन परीक्षा के घोषित परिणाम में विकासखंड मस्तूरी के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी शिवराम टंडन के निर्देशन और सतत मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की व्यवस्थित तैयारी कराई गई, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों में शासकीय प्राथमिक शाला भाटापारा लोहरसी से समीर रजक, प्राथमिक शाला अदराली से निवेदिता, प्राथमिक शाला उसलापुर से चंचल बिंझवार, शासकीय प्राथमिक शाला लोढ़ाबोर से आकाश भैना, शासकीय प्राथमिक शाला चिसदा से अमन कुमार पटेल एवं भागवत पैकरा का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है।
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बीईओ शिवराम टंडन ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बच्चों को सही दिशा, समर्पित शिक्षक और सतत मार्गदर्शन मिले, तो शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अपार हैं, जरूरत सिर्फ उन्हें तराशने की होती है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। विद्यार्थियों की इस सफलता पर उनके पालकों, शिक्षकों, प्रधान पाठकों, संकुल शैक्षिक समन्वयकों एवं संकुल प्राचार्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मस्तूरी विकासखंड के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की यह सफलता न केवल शिक्षा व्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button