कौवाताल में गूंज रहा राम नाम : महावीर चौक पर 13वें वर्ष अखंड नवधा रामायण का भव्य आयोजन , आकर्षित कर रही मानस मंडलियां


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– ग्राम कौवाताल के महावीर चौक में 19 मार्च से शुरू हुआ अखंड नवधा रामायण का भव्य आयोजन पूरे क्षेत्र में आस्था और भक्ति की अलख जगा रहा है। इस धार्मिक आयोजन का यह 13वां वर्ष है, जो लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन स्थल पर सुबह-शाम भगवान श्रीराम की आरती से वातावरण भक्तिमय हो उठता है, वहीं दूर-दराज से आई मानस मंडलियां अपने मधुर गायन-वादन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर रामकथा का श्रवण कर रहे हैं।


आयोजन समिति द्वारा उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाली मानस मंडलियों को श्रीफल, प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह स्वरूप कैलेंडर भेंट कर सम्मानित किया जा रहा है, जिससे कलाकारों का उत्साह और बढ़ रहा है। इस धार्मिक आयोजन में ग्राम के सरपंच बसंत साहू की विशेष भूमिका देखने को मिल रही है। उनके मार्गदर्शन और सक्रिय सहयोग से पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप में संचालित हो रहा है। सरपंच श्री साहू ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। 29 मार्च को हवन, सहस्त्रधारा एवं कन्याभोज के साथ इस नवधा रामायण का विधिवत समापन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन के आचार्य बरेली वाले पंडित सीया शरण मिश्रा जी के सान्निध्य में कथा का प्रवाह जारी है। आयोजन को सफल बनाने में सरपंच बसंत साहू के साथ आयोजन समिति के अध्यक्ष रामनाथ कैवर्त (गुरुजी), उपाध्यक्ष दिलीप कैवर्त, कोषाध्यक्ष सौखीलाल साहू, सचिव राजकुमार कैवर्त सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा है।








