साय सरकार का ‘संकल्प बजट’ छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम भविष्य की मजबूत नींव – दीपक शर्मा
सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा : हर वर्ग के उत्थान का विजन डॉक्यूमेंट, किसान-महिला-युवा-उद्योग सभी के लिए ऐतिहासिक प्रावधान


सीपत (हिमांशु गुप्ता):– मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने वर्ष 2026-27 के छत्तीसगढ़ बजट को प्रदेश के विकास का ऐतिहासिक दस्तावेज बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ पी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “SANKALP” थीम पर आधारित यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का स्पष्ट रोडमैप है। मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि लगभग 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का यह बजट, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक है, प्रदेश को आत्मनिर्भरता, आर्थिक मजबूती और समग्र विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि, पर्यटन, टेक्नोलॉजी और ग्रामीण विकास सहित हर क्षेत्र में दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं, जिससे विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।
किसानों एवं महिलाओं के लिए ऐतिहासिक फैसले
दीपक शर्मा ने विशेष रूप से किसानों और महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा, कि किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देने का निर्णय उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। इससे खेती को नई गति मिलेगी और किसान आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों के 18 वर्ष पूर्ण होने पर डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा, ‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान, तथा 250 महतारी सदन निर्माण हेतु 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
“महिलाओं के नाम संपत्ति खरीदने पर पंजीयन शुल्क में छूट देना उन्हें आर्थिक अधिकार और सम्मान देने की ऐतिहासिक पहल है। यह निर्णय समाज में महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त करेगा,” उन्होंने कहा।
उद्योग, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य क्षेत्र में मिलेगा नया विस्तार
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि प्रदेश में 23 नए उद्योग स्थापित करने की योजना युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी। साथ ही बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रदेश की कनेक्टिविटी और व्यापारिक संभावनाओं को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और नए स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना से आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं डेयरी समग्र विकास योजना के तहत 90 करोड़ रुपये का निवेश ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।
“यह बजट छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प पत्र”
दीपक शर्मा ने जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साय सरकार का यह संकल्प बजट छत्तीसगढ़ के विकास का विजन डॉक्यूमेंट है। यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और उद्योग सभी के सपनों को साकार करने वाला है। यह स्पष्ट करता है कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम देने के लिए दृढ़ संकल्पित है।”
उन्होंने आगे कहा यह बजट छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। दीपक शर्मा ने कहा कि यह बजट प्रदेश के संतुलित, समावेशी और दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखता है तथा आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।








