बिलासपुर संभाग

कौड़िया ने भी गाड़ा ‘जीरो शॉटेज’ का परचम: लक्ष्मी श्रीवास के नेतृत्व में रचा गया नया कीर्तिमान

जांजी के बाद दूसरे नंबर पर कौड़िया धान खरीदी केंद्र ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि , सुदृढ़ प्रबंधन, पारदर्शी व्यवस्था और टीमवर्क बना सफलता की असली ताकत

सीपत (हिमांशु गुप्ता) : सीपत सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। जांजी धान खरीदी केंद्र के बाद अब कौड़िया धान खरीदी केंद्र ने भी “जीरो शॉटेज” हासिल कर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। यह उपलब्धि समिति के लिए गौरव का विषय बन गई है।
कौड़िया धान खरीदी केंद्र में यह सफलता संस्था प्रबंधक लक्ष्मी श्रीवास के नेतृत्व में संभव हो पाई। उन्होंने पूरी खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, अनुशासन और सूक्ष्म निगरानी को प्राथमिकता दी। परिणामस्वरूप खरीदी से लेकर भंडारण तक किसी प्रकार की कमी या नुकसान दर्ज नहीं हुआ, जो जीरो शॉटेज का प्रमाण है।
ज्ञात हो कि समिति के अंतर्गत सबसे पहले जांजी धान खरीदी केंद्र में जीरो शॉटेज दर्ज हुआ था, और अब दूसरे नंबर पर कौड़िया केंद्र ने भी यह उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अभी तक सीपत और धनियां केंद्रों में यह उपलब्धि दर्ज नहीं हो सकी है, ऐसे में कौड़िया का यह प्रदर्शन विशेष महत्व रखता है।

कौड़िया केंद्र की सफलता के पीछे संस्था प्रबंधक लक्ष्मी श्रीवास के साथ उनकी पूरी टीम की सजगता और समर्पण प्रमुख कारण रहा। खरीदी के दौरान तौल व्यवस्था की सटीकता, बारदाना प्रबंधन की सुव्यवस्थित योजना, अभिलेखों की नियमित प्रविष्टि और भंडारण की मजबूत निगरानी ने मिलकर इस उपलब्धि को संभव बनाया।
स्थानीय किसानों ने भी केंद्र की कार्यप्रणाली की सराहना की है। समय पर तौल, पारदर्शी प्रक्रिया और समुचित मार्गदर्शन के कारण किसानों में विश्वास और संतोष का भाव देखने को मिला।
यह उपलब्धि न केवल कौड़िया धान खरीदी केंद्र की पहचान को मजबूत करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि मजबूत नेतृत्व और समर्पित टीम भावना के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। लक्ष्मी श्रीवास और उनकी टीम की यह सफलता क्षेत्र के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button