जिले में खिलेंगे मार्शल आर्ट के सितारे—डिफेंस ताइक्वांडो क्लब का समर कैंप 1 अप्रैल से


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– खेल और आत्मरक्षा के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहे डिफेंस ताइक्वांडो क्लब के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य समर कैंप का आयोजन 1 अप्रैल से किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों से निरंतर प्रशिक्षण दे रहे इस क्लब ने जिले के बच्चों को न केवल मार्शल आर्ट की बारीकियां सिखाई हैं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाकर गौरवान्वित भी किया है। क्लब के संचालक एवं कोच सूर्यप्रकाश चंद्राकर के मार्गदर्शन में यहां के कई खिलाड़ियों ने नेशनल स्तर पर मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। अब समर कैंप के माध्यम से नए खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का सुनहरा अवसर मिलेगा। कोच सूर्यप्रकाश चंद्राकर ने बताया कि यह समर कैंप केवल खेल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की मजबूत सीख भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ साथ मानसिक रूप से भी सशक्त करना है। पिछले वर्षों में हमारे खिलाड़ियों ने नेशनल स्तर पर मेडल जीतकर यह साबित किया है कि सीपत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस समर कैंप के जरिए हम और बेहतर खिलाड़ियों को तैयार कर उन्हें स्टेट और नेशनल लेवल तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। गर्ल कोच खुशी विजय भी इस कैंप में विशेष भूमिका निभाएंगी और बालिकाओं को आत्मरक्षा के साथ उच्चस्तरीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण प्रदान करेंगी।।जिससे वे खेल के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति भी जागरूक बनें। समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा, जिससे उनके करियर को नई दिशा मिलेगी। डिफेंस ताइक्वांडो क्लब का यह प्रयास न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच बनेगा, बल्कि जिले को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








