एनटीपीसी सीपत की सौगात : स्वामी आत्मानंद स्कूल में स्टेज शेड व साइकिल स्टैंड निर्माण का भूमिपूजन, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– एनटीपीसी सीपत द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत सोमवार को लगभग 35 लाख रुपए के लागत से बनने वाले स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सीपत में स्टेज शेड एवं साइकिल स्टैंड निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस बहुप्रतीक्षित कार्य के शुरू होने से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके शैक्षणिक व सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती मनीषा योगेश वंशकार, तामेश्वर कौशिक सदस्य प्रदेश कार्यसमिति किसान मोर्चा , सहकारिता प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, सीपत प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, संदीप खरे, महामंत्री सतीश पाटनवार, उपसरपंच प्रतिनिधि शशिकांत साहू, सतीश खरे, प्राचार्या सरिता यादव सहित एनटीपीसी के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने एनटीपीसी प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्कूल के अधोसंरचना विकास को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को एक बेहतर, सुरक्षित व प्रेरणादायक वातावरण प्राप्त होगा। भूमिपूजन के अवसर पर तामेश्वर कौशिक सदस्य प्रदेश कार्यसमिति, किसान मोर्चा ने कहा कि एनटीपीसी सीपत द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा यह कार्य वास्तव में सराहनीय है। स्टेज शेड और साइकिल स्टैंड जैसी सुविधाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। यह पहल आने वाले समय में शिक्षा के स्तर को और ऊंचाइयों तक ले जाएगी। सहकारिता प्रकोष्ठ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दुबे सिंह कश्यप ने कहा कि यह सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। एनटीपीसी द्वारा किए जा रहे ऐसे जनहितकारी कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि एनटीपीसी सीपत ने एक बार फिर साबित किया है कि वह सिर्फ उद्योग ही नहीं, बल्कि समाज के विकास का भी सशक्त माध्यम है। इस निर्माण कार्य से विद्यालय का स्वरूप बदलेगा और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा, जो उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा। स्वामी आत्मानंद स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सरिता यादव ने कहा कि विद्यालय में स्टेज शेड और साइकिल स्टैंड की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। एनटीपीसी के इस सहयोग से न केवल बच्चों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को भी नया मंच मिलेगा। इसके लिए हम एनटीपीसी प्रबंधन के हृदय से आभारी हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने निर्माण कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की कामना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।








