बिलासपुर संभाग

नक्सलमुक्त छग होने पर शहीदों की स्मृति में जले श्रद्धा के दीप, मोपका में भावुक माहौल के बीच भाजयुमो ग्रामीण ने किया दीपदान कार्यक्रम

नक्सली हमलों में बलिदान देने वाले वीरों को दी श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के आह्वान पर 31 मार्च को भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण द्वारा मोपका स्थित शहीद दीपक उपाध्याय चौक में एक दीप शहीदों के नाम श्रद्धांजलि एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नक्सली हमलों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों, समर्पित जनसेवकों एवं निर्दोष नागरिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत भावुक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर शहीदों की स्मृति को नमन किया और उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।

शहीदों का बलिदान राष्ट्र की आत्मा है : विधायक सुशांत शुक्ला

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश की अस्मिता और आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज हम जो सुरक्षित जीवन जी रहे हैं, वह हमारे वीर जवानों के त्याग और समर्पण का परिणाम है। ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को देशभक्ति और कर्तव्य के प्रति जागरूक करने का कार्य करते हैं। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से 31 मार्च दिन मंगलवार को छग राज्य नक्सलमुक्त हो गया। नक्सलियों के कायराना हरकत से वीरगति को प्राप्त हुए शहीदों की शहादत कभी बेकार नहीं जाएगी।

युवा पीढ़ी को शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए : ऋषभ चतुर्वेदी

भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि एक दीप शहीदों के नाम कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

बलिदान की परंपरा को कभी भूल नहीं सकते : प्रणव शर्मा

भाजपा जिला मंत्री प्रणव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की है। उनका यह बलिदान सदैव अमर रहेगा और हम सभी का कर्तव्य है कि उनकी स्मृति को जीवित रखें तथा उनके परिवारों के साथ खड़े रहें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर झीरम हमले में शहीद हुए दीपक उपाध्याय के पिता श्री केशव उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिला मंत्री प्रणव शर्मा, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रहरी, भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी, महामंत्री तुषार चंद्राकर, अंकुर सिंह, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य ललित यादव, नगर निगम जोन अध्यक्ष रेखा सूर्यवंशी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मुशर्रफ खान सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button